अल्मोड़ा नगर के विभिन्न इलाकों में लगातार तेंदुए देखे जाने से नगरवासी भयभीत हैं। शुक्रवार सुबह चीनाखान मोहल्ले में तेंदुआ एक जर्मन शैफर्ड कुत्ते को उठा ले गया। इस घटना के बाद से लोगों में दहशत और बढ़ गई है। पिछले कुछ दिनों में लाला बाजार, नंदा देवी, उप्रेती खोला, बिष्टाकूड़ा, गोपालधारा, धारानौला और चीनाखान समेत कई हिस्सों में तेंदुओं की मौजूदगी दर्ज की गई है। उप्रेती खोला में तो एक साथ दो तेंदुओं के दिखने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह मोहल्ला नंदा देवी मंदिर से केवल 100 मीटर की दूरी पर है। दो दिन पहले इसी क्षेत्र में तेंदुए ने एक अन्य कुत्ते को भी शिकार बना लिया था। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अब शाम होते ही लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। चीनाखान निवासी फार्मासिस्ट देवकीनंदन जोशी के जर्मन शैफर्ड कुत्ते को शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे तेंदुआ उठा ले गया। इस घटना ने लोगों के डर को और गहरा कर दिया है। महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी ने चेतावनी दी है कि तेंदुओं से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर के घरों के आसपास घनी झाड़ियां उगी हुई हैं, जिनमें तेंदुए आसानी से छिप सकते हैं। नगर निगम से बार-बार सफाई की मांग करने के बावजूद इन झाड़ियों को नहीं हटाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन पर ध्यान नहीं दिया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
