अल्मोड़ा। नन्दा देवी मेले के दौरान घायल अवस्था में मिले स्थानीय युवक हेम सोराड़ी की मौत ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया है। इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद उसकी मौत को लेकर संदेह गहराने लगा है। स्थानीय लोगों और मेला समिति ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या हुई है। शनिवार को नन्दा देवी मंदिर समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सीओ सिटी से मिले और ज्ञापन सौंपकर मामले की गहन जांच की मांग की। समिति अध्यक्ष मनोज वर्मा ने कहा कि अल्मोड़ा जैसी शांत नगरी में इस तरह की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं और यह साफ संकेत देती हैं कि मृतक पर हमला किया गया हो सकता है। समिति के सचिव मनोज सनवाल ने भी पुलिस से मामले की स्पष्ट जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय जनता आंदोलन के लिए मजबूर होगी। पार्षद अमित साह ‘मोनू’ ने कहा कि शहर में सक्रिय अराजक तत्वों पर लगाम लगाना बेहद जरूरी है। आने वाले दिनों में नवरात्र, रामलीला और दुर्गा पूजा जैसे बड़े आयोजन होने वाले हैं, जिनमें महिलाओं और बच्चों की आवाजाही रहती है। ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को विशेष गश्त और चेकिंग अभियान चलाना चाहिए। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस घटना ने नगरवासियों के मन में भय का माहौल पैदा कर दिया है। उन्होंने मांग की कि दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी हो और कड़ी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में मंदिर समिति अध्यक्ष मनोज वर्मा, सचिव मनोज सनवाल, पार्षद अमित साह मोनू, नगर अध्यक्ष भाजपा विनीत बिष्ट समेत अनूप साह, हरीश बिष्ट, मनोज सिंह बिष्ट, लावण्य पंत, त्रिलोचन जोशी, परितोष जोशी, नवीन वर्मा, हितेश वर्मा, मोहम्मद हबीब, विजय चौहान, कुलदीप मेर, भारत भट्ट, नमन बिष्ट, वरुण साह, गौरव कनवाल, सुमित साह, पवन पंत, दीपक वर्मा, रवि गोयल, अरहम हबीब सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
