राज्य सरकार ने निगम, निकायों और स्वायत्तशासी संस्थाओं के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) में 11 प्रतिशत बढ़ोतरी का शासनादेश जारी कर दिया। आदेश के लागू होने के बाद कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सचिव उद्योग के प्रति आभार व्यक्त किया है। जारी शासनादेश के अनुसार, पांचवें वेतनमान के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 455 प्रतिशत से बढ़कर 466 प्रतिशत और छठे वेतनमान वाले कर्मचारियों का भत्ता 246 प्रतिशत से बढ़कर 252 प्रतिशत कर दिया गया है। नई दरें 1 जनवरी से प्रभावी मानी जाएंगी। बढ़ोतरी के चलते कर्मचारियों को एरियर का भुगतान भी मिलेगा। इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य निगम कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सूर्यप्रकाश राणाकोटी और प्रदेश महामंत्री नंदलाल जोशी ने सरकार का धन्यवाद किया और कहा कि यह निर्णय कर्मचारियों के लिए राहत देने वाला है।
