सिक्किम राज्य से जुडी एक बड़ी खबर सामने आ रही है यहां बीते रविवार की देर रात भारी बारिश के बाद लाचेन जिले में एक सैन्य शिविर भूस्खलन की चपेट में आ गया। जिसके चलते सेना के 3 जवानों की मौत हो गई, जिनके शव बरामद कर लिए गए हैं। छह जवान लापता हैं। जिनकी तलाश जारी है। सेना ने आज सोमवार को इस घटना की जानकारी दी। सेना द्वारा दी गई जानकारी में बताया गया कि 1 जून की शाम लगभग 7 बजे, लाचेन जिले के चेटेन इलाके में स्थित भारतीय सेना के सैन्य शिविर पर विनाशकारी भूस्खलन हुआ। मूसलधार बारिश को इस भूस्खलन का कारण माना जा रहा है। आपदा के तुरंत बाद भारतीय सेना ने त्वरित और साहसिक कार्रवाई करते हुए बचाव कार्य प्रारंभ कर दिया। राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे सैनिकों ने अब तक चार व्यक्तियों को सुरक्षित बचाया है। सेना के मुताबिक, सुरक्षित निकाले गए लोगों को केवल मामूली चोटें आई हैं। वहीं, 3 जवानों के शव बरामद किए गए। बचाव दल चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में शेष छह लापता कर्मियों का पता लगाने के लिए 24 घंटे काम कर रहे हैं।
