राजधानी देहरादून के लक्खीबाग क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, यहाँ एक महिला ने आपसी विवाद के चलते पांच वर्षीय मासूम पर सिलबट्टे से जानलेवा हमला कर दिया। जिसके चलते बच्चा कोमा में चला गया। पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला मीना देवी, रीठा मंडी की रहने वाली है। घटना उस समय हुई जब बच्चा अपने घर के बाहर खेल रहा था। बताया जा रहा है कि पहले से चले आ रहे पारिवारिक विवाद के कारण मीना देवी ने मासूम को कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया और फिर उस पर सिलबट्टे से क्रूरता के साथ हमला किया। सिर पर गंभीर चोटें लगने के कारण गौरव को तुरंत दून अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। आरोपित महिला ने बच्चे के सिर पर इतनी तेजी से सिलबट्टे से वार किया, जिसके कारण बच्चा कोमा में चला गया। उसके सिर पर कई चोटें आई हैं। इस घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज किया और गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
