गुजरात राज्य के राजकोट से जुड़ा एक बड़ा और दर्दनाक हादसा सामने आ रहा है यहां बीते शनिवार की दोपहर एक गेमिंग जोन में भीषण आग लग गयी। जिसके चलते 27 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। मृतकों में कई बच्चे शामिल हैं, जो छुट्टियों की वजह से वहां मनोरंजन करने के लिए गए थे। घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी संवेदना व्यक्त की हैं। वहीं, राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल ने एक्स पर लिखा, राजकोट में आग की त्रासदी दिल दहला देने वाली है, मैं इस घटना में जान गंवाने वाले लोगों और उनके परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। राज्य सरकार मृतकों के परिवारों को 4 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देगी। यह सुनिश्चित करना बहुत जरूरी है कि ऐसी घटना दोबारा न हो। इस संबंध में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन करते हुए उसे पूरे मामले की जांच का जिम्मा सौंपा गया है।
