पहाड़ के तीन जिलों की जीवनरेखा माने जाने वाले अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर अब भारी मालवाहक वाहनों को कुछ राहत मिल गई है। जिला प्रशासन ने आदेश जारी करते हुए आज मगलवार से राजमार्ग को केवल सुबह 6 से 8 बजे तक दो घंटे के लिए भारी वाहनों के आवागमन के लिए खोलने की अनुमति दी है। दरअसल, क्वारब (किमी 56) पर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 109 (पूर्व में 87) के विस्तार कार्य के चलते यह मार्ग लगातार प्रभावित है। यहां भूस्खलन जोन में अनुबंधित कंपनी रात के समय काम कर रही है। इसी कारण आठ बजे के बाद भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। व्यापार मंडल और ट्रांसपोर्ट यूनियन की मांग पर जिलाधिकारी ने यह व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय के बाद बड़े वाहनों की आवाजाही पर सख्त प्रतिबंध रहेगा।
