रुद्रपुर। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए इस बार सख्त कदम उठाए गए हैं। बोर्ड सचिव ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि यदि किसी परीक्षार्थी की उत्तर पुस्तिका में रुपये रखे पाए जाते हैं तो इसे नकल माना जाएगा और संबंधित छात्र की कॉपी तत्काल सील कर दी जाएगी।
बोर्ड सचिव द्वारा सभी जिलों के सीईओ को पत्र जारी कर निर्देशित किया गया है कि परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। यदि किसी छात्र की कॉपी से रुपये बरामद होते हैं तो परीक्षार्थी के साथ-साथ संबंधित कक्ष निरीक्षक पर भी नकल में सहयोग करने के आरोप में कार्रवाई की जाएगी।
जिले में इस वर्ष 110 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 39,924 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। 21 फरवरी से बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं।बोर्ड प्रशासन ने साफ किया है कि उत्तर पुस्तिकाओं में रुपये रखना अनैतिक आचरण की श्रेणी में आता है।
नकल अधिनियम के तहत दोषी पाए जाने पर परीक्षार्थी को तीन से पांच वर्ष तक बोर्ड परीक्षाओं से वंचित किया जा सकता है।परीक्षाओं को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए विभाग की ओर से लगातार निगरानी और सख्ती बरती जा रही है।
