अल्मोड़ा। धारानौला बस स्टैंड पर खड़ी हल्द्वानी जाने वाली एक बस को एक संदिग्ध युवक द्वारा लेकर भागने का मामला सामने आया है। पुलिस की तत्परता से बस को कर्बला तिराहे के पास रोक लिया गया और बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, 14 मार्च 2026 को धारानौला बस स्टैंड पर हल्द्वानी जाने के लिए एक बस यात्रियों के इंतजार में खड़ी थी। इसी दौरान बस के चालक और परिचालक पास के एक होटल में भोजन करने चले गए और गलती से बस की चाबी वहीं छोड़ दी।
इसका फायदा उठाते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति बस में बैठ गया और बस को स्टार्ट कर पांच यात्रियों को लेकर हल्द्वानी की ओर निकल पड़ा।घटना की जानकारी मिलते ही बस के वास्तविक चालक और परिचालक ने तत्काल चौकी धारानौला पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल आसिफ हुसैन ने बिना समय गंवाए परिचालक को साथ लेकर बस का पीछा शुरू किया।पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते बस को कर्बला तिराहा के पास सुरक्षित तरीके से रोक लिया गया।
बस को लेकर जा रहे व्यक्ति की पहचान अब्दुल अमीर खान (28 वर्ष) पुत्र मोहम्मद अब्दुल अमीर निवासी भवाली, जनपद नैनीताल के रूप में हुई। पुलिस ने उसे मौके पर ही हिरासत में लेकर चौकी धारानौला लाया।पूछताछ के बाद युवक के परिजनों को चौकी बुलाया गया और उसके खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालान कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस जवान की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बस में सवार यात्रियों की जान सुरक्षित रही और एक संभावित बड़ी दुर्घटना या अप्रिय घटना को समय रहते टाल दिया गया।
#AlmoraPolice #UttarakhandNews #Almora #PoliceAction #BreakingNews
