जनपद ऊधमसिंह नगर के ग्राम पैगा, थाना आईटीआई निवासी श्री सुखवंत सिंह द्वारा 10/11 जनवरी 2026 की रात काठगोदाम, हल्द्वानी में आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस मुख्यालय ने बड़ी कार्रवाई की है।
मामले की निष्पक्ष, गहन और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए 5 सदस्यीय विशेष अन्वेषण दल (SIT) का गठन किया गया है।इस SIT की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक (STF) श्री नीलेश आनन्द भरणे करेंगे।
टीम में पुलिस अधीक्षक चम्पावत अजय गणपति, क्षेत्राधिकारी टनकपुर सुश्री वंदना वर्मा, निरीक्षक दिवान सिंह बिष्ट और उपनिरीक्षक मनीष खत्री को शामिल किया गया है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने निष्पक्ष जांच के उद्देश्य से निलंबित 03 उपनिरीक्षक (SI), 01 सहायक उपनिरीक्षक (ASI), 01 मुख्य आरक्षी तथा 07 आरक्षियों समेत कुल 12 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से गढ़वाल रेंज के जनपद चमोली और रुद्रप्रयाग स्थानांतरित कर दिया है।
इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और मृतक द्वारा ई-मेल के माध्यम से भेजी गई शिकायत, जिसमें स्थानीय लोगों तथा ऊधमसिंह नगर पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं, उनकी भी विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। तथ्यों की पुष्टि के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
