उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जनपद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। रिश्तों में आई दरार इतनी गहरी हो गई कि पड़ोसियों ने मिलकर एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को जंगल में छिपा दिया।
हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।घटना 22 मार्च 2026 की शाम की है, जब ग्राम किमखोला (भगतिरवा) निवासी कुन्दन सिंह रजवार के साथ उनके पड़ोसियों—बसंती देवी, रमेश सिंह, जनक सिंह और प्रदीप सिंह—ने लोहे की पाइप और लकड़ियों से मारपीट की।
इस दौरान कुन्दन सिंह की मौत हो गई।मृतक की पत्नी रेखा देवी ने 23 मार्च को कोतवाली जौलजीबी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि हत्या के बाद आरोपी शव को घर से उठाकर जंगल की ओर ले गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल धारा 103(1)/3(5) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक जांच कर साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश शुरू की। गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि मारपीट के दौरान ही कुन्दन सिंह की मौत हो गई थी।
इसके बाद उन्होंने सबूत मिटाने के लिए 23 मार्च की सुबह शव को झिपुखोला गधेरा के जंगल में ले जाकर पत्थरों और मिट्टी से छिपा दिया।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल से करीब 1 किलोमीटर दूर जंगल से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में धारा 238 BNS की बढ़ोतरी करते हुए चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
