उधम सिंह नगर पुलिस ने नकली शैक्षणिक सामग्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 10 करोड़ रुपये मूल्य की नकली NCERT पुस्तकों का जखीरा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने बड़ी मात्रा में किताबें जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 14 मार्च 2026 की रात को रुद्रपुर कोतवाली पुलिस टीम ने आनंदम रिजॉर्ट के पास एक कैंटर वाहन को चेकिंग के दौरान रोका। चालक ने बताया कि वाहन में किताबें हैं, जिन्हें मेरठ से लाया जा रहा है।
लेकिन जांच के दौरान न तो वैध ई-वे बिल मिला और न ही प्रस्तुत दस्तावेज सही पाए गए, जिससे संदेह गहराया।वाहन की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में NCERT की पुस्तकें बरामद हुईं।
चालक की निशानदेही पर पुलिस एक गोदाम तक पहुंची, जहां मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जांच करने पर करीब 10 लाख पुस्तकों का भंडार मिला। जांच में गोदाम मालिक का नाम राजेश कुमार जैन सामने आया, जबकि इसे संदीप नामक व्यक्ति को किराए पर दिया गया था।
दिल्ली से आई NCERT की टीम ने जांच में पाया कि पुस्तकों की छपाई, कागज, बाइंडिंग और कवर डिजाइन मानकों के अनुरूप नहीं थे। इतना ही नहीं, असली “NCERT” की जगह “ACERT” लिखकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही थी।
पुस्तकों के नकली होने की पुष्टि होने के बाद रुद्रपुर कोतवाली में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।इस बड़ी सफलता पर उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए 20 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
#UttarakhandPolice #UKPoliceStrikeOnCrime #FakeNCERTBooks #RudrapurPolice #EducationScam #BreakingNews
