देहरादून। उत्तराखण्ड में हाल के दिनों में सामने आई आपराधिक घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने पहले भी कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठकों के जरिए अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया था कि राज्य सरकार अपराध के प्रति ‘शून्य सहनशीलता’ की नीति पर पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
हालिया घटनाओं के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को समयबद्ध तरीके से गिरफ्तार किया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि केवल घटना के बाद कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूर्व-निवारक रणनीति को भी मजबूत किया जाए, ताकि अपराध होने से पहले ही उसे रोका जा सके।
इसी क्रम में पुलिस विभाग में प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक तबादले किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से मुखबिर तंत्र को सुदृढ़ करने, अपराधियों में कानून का भय स्थापित करने तथा आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने पर जोर दिया है।
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि आमजन बिना किसी डर के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें और उन्हें त्वरित न्याय मिले।
