अल्मोड़ा।एसएसपी अल्मोड़ा देवेन्द्र पींचा के कुशल नेतृत्व में जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भतरौजखान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 9.358 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 33 हजार 950 रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार थानाध्यक्ष भतरौजखान अवनीश कुमार के नेतृत्व में 26 जनवरी 2026 को IMPCL फैक्ट्री मोहान के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान मोटरसाइकिल संख्या UK18 M 2075 से जा रहे एक युवक को रोका गया, जिसकी तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।पुलिस ने आरोपी पुष्पेन्द्र (24 वर्ष), निवासी बाजपुर, जिला ऊधम सिंह नगर को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध थाना भतरौजखान में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है।पुलिस के अनुसार आरोपी गांजा बाजपुर की ओर ले जा रहा था। एसएसपी देवेंद्र पींचा ने कहा की जिले में नशा तस्करों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
