अल्मोड़ा। खाद्य आयुक्त, उत्तराखण्ड एवं जिलाधिकारी अल्मोड़ा के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आज प्रातः से जनपद में प्रवेश कर रही खाद्य सामग्री से लदी गाड़ियों के विरुद्ध सघन निरीक्षण अभियान चलाया।यह अभियान लोधिया पुलिस बैरियर पर संचालित किया गया, जहां लगभग 16 वाहनों की गहन जांच की गई। जांच किए गए वाहनों में केएमयू बसें, ट्रक तथा अन्य छोटे व्यावसायिक वाहन शामिल थे, जिनके माध्यम से मावा, मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री जनपद में लाई जा रही थी।निरीक्षण के दौरान एक बस से लाए जा रहे खुले मावे की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर टीम द्वारा उसका विधिवत नमूना संग्रहित किया गया। उक्त नमूना परीक्षण हेतु खाद्य विश्लेषणशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।इसी क्रम में एक अन्य वाहन में सप्लाई की जा रही पैकेट बंद मिठाइयों की गुणवत्ता पर संदेह होने के आधार पर उनका भी नमूना लिया गया। संबंधित नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किया जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि जनपद में वितरित की जा रही खाद्य सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं।खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने समस्त खाद्य कारोबारकर्ताओं, सप्लायरों एवं वितरकों से अपील की है कि वे किसी भी खाद्य सामग्री—चाहे वह खुली हो या पैक्ड—का क्रय-विक्रय केवल वैध दस्तावेजों एवं पक्के बिलों के साथ ही करें। इससे आपूर्ति श्रृंखला में पारदर्शिता बनी रहेगी तथा अनियमितता की स्थिति में संबंधित सप्लायर, डिस्ट्रीब्यूटर एवं निर्माता की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जा सकेगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में मिलावटी अथवा मानकविहीन खाद्य पदार्थों की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। त्योहारों एवं विशेष अवसरों को देखते हुए आगे भी ऐसे सघन निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे।निरीक्षण टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार के साथ ईश्वर सिंह नेगी एवं कुंदन सिंह भी उपस्थित रहे।
