जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में मचैल माता यात्रा मार्ग पर बादल फटने से भारी तबाही मच गई। चिशोती गांव में हुई इस घटना में कम से कम 10 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। अचानक आई बाढ़ से कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि लकड़ी का पुल और पीएमजीएसवाई पुल भी बह गए। कई मार्ग कट जाने से यातायात बाधित है। घटना पदर उपखंड में मचैल माता यात्रा मार्ग पर हुई, जिसके बाद जिला प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुट गई हैं। प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक विपक्ष के नेता सुनील कुमार शर्मा और स्थानीय विधायक ने घटनास्थल का दौरा किया और राहत कार्यों की निगरानी की। अभी तक आधिकारिक रूप से मृतकों की संख्या की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन ने टीमों को हालात का जायजा लेने और प्रभावित परिवारों की मदद के लिए तैनात कर दिया है।
