बागेश्वरजिले से जुडी एक बड़ी खबर सामने आ रही है यहाँ के ऐतिहासिक झूलापुल के बंद कर दिया गया है जिसका सीधा असर व्यापार पर पड़ा है। इस मामले पर बात करते हुए व्यापारियों ने बताया की नगर के कत्यूर बाजार और गुरुद्वारा गली के बाजार का व्यवसाय ऐतिहासिक झूलापुल के बंद होने की वजह से 90 प्रतिशत घट गया है। इस पुल को मरम्मत के नाम पर पिछले करीब ढाई महीने से बंद किया गया है। पुल की मरम्मत और पुल पर आवागमन सुचारु करने की दिशा में कदम न उठने से व्यापारियों में प्रशासन के खिलाफ रोष है। डीएम के निर्देश पर बीते 20 जुलाई को नगरपालिका ने वर्ष 1913 में बने ऐतिहासिक झूलापुल से आवाजाही रोक दी थी। झूलापुल के दोनों ओर अवरोधक लगाए गए हैं। जिला प्रशासन ने बरसात के बाद झूलापुल की मरम्मत कराने की बात कही थी, बरसात का सीजन गए एक पखवाड़ा होने को है, लेकिन झूलापुल की मरम्मत की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया है। डीएम अनुराधा पाल का कहना है कि झूलापुल की मरम्मत के लिए विशेषज्ञ उपलब्ध कराने का मामला सरकार के सामने रखा गया है।
