ग्राम सभा शैलगूठ में नव-निर्वाचित ग्राम पंचायत सदस्य व पत्रकार कपिल मल्होत्रा ने जनसेवा की दिशा में अपने पहले कदम के रूप में एक उल्लेखनीय कार्य किया है। गांव के मुख्य मार्ग पर स्थित एक कलमठ (नाली मार्ग), जो पिछले करीब 15-20 वर्षों से बंद पड़ा था, उसे खुलवाकर उन्होंने न केवल सड़क की संरचना को सुरक्षित किया, बल्कि ग्रामीणों को बारिश के मौसम में जलभराव की गंभीर समस्या से भी छुटकारा दिलाया। यह कलमठ बंद होने के कारण हर वर्ष बारिश के समय सड़क पर पानी भर जाता था, जिससे कीचड़ और जलजमाव की स्थिति बनती थी। इससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दुपहिया वाहन चालकों के लिए मार्ग खतरनाक बना हुआ था। जब ग्रामीणों ने यह समस्या कपिल मल्होत्रा के संज्ञान में लाई, तो उन्होंने तुरंत एक्शन लिया। बिना किसी देरी के उन्होंने नेशनल हाईवे विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर कलमठ की सफाई और मरम्मत की मांग रखी। विभाग द्वारा सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए काम को प्राथमिकता में रखा गया और कुछ ही दिनों में बंद कलमठ को पूरी तरह से खोल दिया गया। इस सफल प्रयास से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने कपिल मल्होत्रा और नेशनल हाईवे विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह पंचायत प्रतिनिधि हर समस्या पर तत्परता से कार्य करें, तो ग्रामीण क्षेत्र भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकते हैं। कपिल मल्होत्रा ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनसेवा करना है। “हर छोटी-बड़ी समस्या को प्राथमिकता देकर हल करना ही मेरा संकल्प है,” उन्होंने कहा। इस पहल ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जब प्रतिनिधि जनहित के लिए पूरी ईमानदारी और तत्परता से काम करें, तो बड़ी से बड़ी समस्या भी सुलझाई जा सकती है।
