अल्मोड़ा में नर्सिंग कॉलेज में तैनात इलेक्ट्रिशियन का शव एक दिसंबर को घर के पास पानी के टैंक में मिला था। जिस पर मृतक के संस्थान की ही महिला कर्मी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मृतक की पत्नी दन्यां, खटियोला निवासी मंजू पांडे ने तहरीर देकर बताया कि उनके पति दिनेश चंद्र पांडे उपनल के माध्यम से नर्सिंग कॉलेज अल्मोड़ा में इलेक्ट्रिशियन के पद पर तैनात थे। बीते छह महीने से वह मानसिक तनाव में थे। बार-बार उन्हें किसी का फोन आने पर उनके व्यवहार में बदलाव हो गया था। एक दिसंबर को वह घर से नर्सिंग कॉलेज के लिए निकले। बाद में उनसे संपर्क नहीं हुआ तो खोजबीन के बाद दो दिसंबर को उनका मोबाइल और बैग घर के पीछे मिला। बैग में मिले पत्र में गीता बिष्ट की तरफ से प्रताड़ित करने की वजह से आत्महत्या करने की बात लिखी थी। तीन दिसंबर को उनका शव घर के पास ही पानी के टैंक में मिला। आरोप लगाया कि नर्सिंग कॉलेज में तैनात इस महिला कर्मी की प्रताड़ना से पति ने आत्महत्या की है।
