अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को लगातार हायर सेंटर रेफर किए जाने की बढ़ती शिकायतों के बीच अब रेडक्रास सोसायटी के पदाधिकारी मनोज सनवाल एवं पार्षद अमित साह मोनू के नेतृत्व में दर्जनों पार्षद एवं रेडक्रास पदाधिकारीधि खुलकर सामने आ गए हैं। आज रेडक्रास सोसायटी और लगभग दो दर्जन पार्षद रेफरल सेंटर बन चुके मेडिकल कालेज के प्रसव विभाग की शिकायत लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे तथा जिलाधिकारी को अवगत कराया कि प्रसव के अधिकांश मामलों में महिलाओं को मेडिकल कालेज से हायर सेंटर रेफर कर दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से वार्ता कर 25 जुलाई तक व्यवस्थाएं सुधार लेने का आश्वासन दिया है। पार्षदों का कहना है कि यदि इसके बाद भी मेडिकल कालेज से प्रसव के लिए आई महिलाओं को अन्यत्र रेफर किया गया तो मुख्यमंत्री के संज्ञान में भी यह मामला लाया जाएगा। रेडक्रास एवं पार्षदों के द्वारा इस समस्या के समाधान के लिए आगे आने से आम जनता में भी यह उम्मीद बनी है कि आने वाले दिनों में प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को मेडिकल कालेज से रेफर नहीं किया जाएगा। हांलांकि मेडिकल कालेज प्रशासन रेडक्रास एवं पार्षदों की बात को कितना गंभीरता से लेता है ये भविष्य के गर्त में है।
