अल्मोड़ा। कुमाऊं की ऐतिहासिक श्री भुवनेश्वर महादेव रामलीला समिति कर्नाटक खोला की महिला कलाकार अब सामाजिक मंच से आगे बढ़कर पंचायत की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं। रामलीला मंच पर अपनी अभिनय प्रतिभा से लोगों को प्रभावित करने वाली पारू उप्रेती को सरकार की आली ग्राम सभा की ग्राम प्रधान चुने जाने पर रामलीला समिति ने सम्मानित किया। समिति के संस्थापक संयोजक व पूर्व दर्जा मंत्री तथा भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने नव निर्वाचित ग्राम प्रधान पारू उप्रेती का शॉल ओढ़ाकर, मिठाई खिलाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर बट्टू कर्नाटक ने कहा कि, रामलीला मंच से जुड़कर महिलाओं ने अपनी छिपी हुई प्रतिभा को निखारा और अब वे पंचायत चुनावों में जीत हासिल कर नेतृत्व कर रही हैं। यह समाज में हो रहे सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा चलाए जा रहे महिला सशक्तिकरण अभियान का यह प्रत्यक्ष प्रभाव है कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे आ रही हैं। सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में समिति पदाधिकारी, महिला कलाकार और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
