उत्तराखंड बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 24वीं उत्तराखंड स्टेट जूनियर एवं सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन आगामी 29 जुलाई से 3 अगस्त तक हेमवती नंदन बहुगुणा इंडोर स्टेडियम, अल्मोड़ा में होने जा रहा है। प्रतियोगिता में राज्यभर के करीब 350 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के शटलर भी शामिल हैं। इस आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। 30 जुलाई को प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या मुख्य अतिथि के रूप में करेंगी, जबकि विधायक मनोज तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। बैडमिंटन संघ के सचिव बीएस मनकोटी ने रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी ईस्ट जोन चैंपियनशिप और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि पांच साल बाद चैंपियनशिप के आयोजन की जिम्मेदारी मिलना जिले के लिए गौरव का विषय है। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों का अल्मोड़ा पहुंचना शुरू हो चुका है।
