अल्मोड़ा | जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने डीनापानी स्थित हिमाद्रि हैंडलूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान की विभिन्न गतिविधियों, कार्यप्रणाली और उत्पादन से जुड़ी जानकारियां हासिल कीं।
उन्होंने यहां तैयार किए जा रहे शॉल, ऊनी वस्त्र और हस्तशिल्प उत्पादों का अवलोकन करते हुए कच्चे माल की आपूर्ति एवं विपणन व्यवस्था की भी जानकारी ली।
हस्तनिर्मित उत्पादों को देखकर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त की और संस्थान में कार्यरत महिलाओं के कार्यों की सराहना की। उन्होंने बुनकर महिलाओं से संवाद कर उनकी आजीविका और आय के बारे में जानकारी प्राप्त की।जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार की यह पहल महिला सशक्तिकरण की सशक्त मिसाल है, जहां महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। वर्तमान में संस्थान में 48 महिला बुनकर और 9 महिलाएं फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में कार्यरत हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाद्रि हैंडलूम को और विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि भविष्य में अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।इस अवसर पर परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण केएन तिवारी, हिमाद्रि हैंडलूम से मुक्ति दत्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
