अल्मोड़ा, राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के अंतर्गत आज जनपद अल्मोड़ा की तीन न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।विकासखंड ताकुला की न्याय पंचायत भैंसडगांव, विकासखंड ताड़ीखेत की न्याय पंचायत पंतकोटूली एवं विकासखंड सल्ट की न्याय पंचायत मछोड़ में शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेते हुए सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से आच्छादित किया।तीनों शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। अनेक लोगों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया। साथ ही प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिससे आमजन में संतोष और विश्वास का वातावरण बना।प्रशासन की ओर से कहा गया कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
