जिला महिला अस्पताल और बेस अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर रहने के कारण बृहस्पतिवार को गर्भवतियों समेत कई मरीजों के अल्ट्रासाउंड नहीं हो सके। महिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की अनुपस्थिति से जांच कार्य ठप रहा, वहीं बेस अस्पताल में भी यही स्थिति बनी रही, जिससे गर्भवतियों और अन्य मरीजों को जिला अस्पताल का रुख करना पड़ा। दोनों अस्पतालों में सेवाएं बाधित होने से जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घंटों इंतजार के बाद जब जांच पूरी हुई, तब जाकर मरीजों और गर्भवतियों को राहत मिली। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, महिला अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट 11 अगस्त से और बेस अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट 18 अगस्त से सेवाएं शुरू करेंगे। तब तक गर्भवतियों को अल्ट्रासाउंड के लिए जिला अस्पताल पर ही निर्भर रहना होगा।
