अल्मोड़ा। शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले ताड़ीखेत ब्लॉक के दो शिक्षकों को शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार से नवाजा जाएगा। राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय गाड़ी की शिक्षिका डॉ. विनीता खाती और जीआईसी शेर के रसायन विज्ञान प्रवक्ता दीपक चंद्र बिष्ट इस सम्मान के लिए चयनित हुए हैं। डॉ. विनीता खाती ने गणित को आसान और रोचक बनाने के लिए प्रत्येक पाठ पर आधारित कविताओं की रचना की है। बच्चों की रुचि बढ़ाने हेतु उन्होंने विद्यालय में गणित-विज्ञान बाल वाटिका और मिनी लाइब्रेरी भी विकसित की, जहां बच्चे खुद छोटी पुस्तिकाएं तैयार करते हैं। उनके नाम पहले भी कई सम्मान दर्ज हैं, जिनमें 2017 का राज्यपाल पुरस्कार, 2018 का उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार और 2019 का अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सम्मान शामिल है। वहीं, दीपक चंद्र बिष्ट ने सामुदायिक सहयोग से विद्यालय के कायाकल्प और विकास में अहम भूमिका निभाई है। वे सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ शिक्षा सुधार के लिए पत्र-पत्रिकाओं में सक्रिय लेखन भी करते हैं। उनके कार्यों को जिला शिक्षा विभाग, जनप्रतिनिधियों और संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है।
