अल्मोड़ा, जनपद अल्मोड़ा में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत दो बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से कुल 2052 लोगों को विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, जबकि 195 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।विकासखंड लमगड़ा की न्याय पंचायत बड़ियार बिष्ट के त्युनरा में आयोजित शिविर में सचिव, उत्तराखंड शासन एस. रविशंकर ने प्रतिभाग कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस शिविर में 381 लोगों को लाभान्वित किया गया तथा 49 शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया। सचिव ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके उद्देश्यों के अनुरूप अधिकारी पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।इस अवसर पर विधायक मोहन सिंह मेहरा, दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य, जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।वहीं विकासखंड स्याल्दे की न्याय पंचायत डूंगरी में आयोजित शिविर में उपजिलाधिकारी श्रीमती याक्षी अरोड़ा ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा 1671 लोगों को लाभान्वित किया गया तथा 146 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।प्रशासन ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत जनपद में निरंतर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके और सरकारी योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुँचाया जा सके।
