परिवहन निगम के कम कीमत पर सुगम यातायात की जिम्मेदारी के दावे फेल होते दिखाई दे रहे है। अल्मोड़ा डिपो के बस बेड़े की हालत खासी ठीक नहीं है। जैसे जैसे ठंड बढ़ रही है वैसे वैसे मैदानी इलाकों में कोहरा बढ़ने लगा है लेकिन मैदानी इलाकों में जाने वाली कई बस में फाॅग लाइट मौजूद नहीं है। वहीं बहुत सी बसों की टूटी खिड़कियों के बीच यात्रियों को ठंड से बचाव के लिए खुद ही जूझना होगा। आरामदायक सफर की हवा कुछ बस की फटी सीट निकाल रही हैं। बीते सोमवार को माल रोड स्थित परिवहन निगम कार्यशाला जा कर अल्मोड़ा डिपो से संचालित कुछ बस की पड़ताल की गयी। अल्मोड़ा डिपो में वर्तमान में 30 बस का बेड़ा है। जिला मुख्यालय से विभिन्न रूट पर 14 सेवाओं का संचालन होता है। यहां खड़ीं 15 बस में फॉग लाइट नहीं मिली। 10 बस में फर्स्ट एड बॉक्स गायब मिले। कई बस में क्षतिग्रस्त फर्स्ट एड बॉक्स उपयोग के योग्य नहीं हैं। अधिकतर बस में खिड़कियों के शीशे टूटे मिले। 12 से अधिक बस की सीट फटीं मिली।
