धौलछीना क्षेत्र के दयारी गांव में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजकर 10 मिनट पर पंचायत भवन के पास एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 25 फीट गहरी खाई में जा गिरा।दुर्घटना में 22 वर्षीय मोहित सिंह नगरकोटी पुत्र त्रिलोक सिंह निवासी दयारी की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं वाहन स्वामी महेंद्र सिंह, जो इसी गांव के रहने वाले हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही धौलछीना थाना पुलिस उपनिरीक्षक जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायल को तुरंत सरकारी अस्पताल, अल्मोड़ा रेफर किया गया। शुक्रवार को मृतक का शव धौलछीना पीएचसी में पंचनामा व पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया। हादसे की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि दयारी क्षेत्र की सड़कें लंबे समय से खराब हालत में हैं और बरसात के बाद से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ गया है। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुधार और यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम की मांग की है।
