आने वाली तारीख मे पीएम के जागेश्वर धाम दौरे को देखते हुए प्रशासन अपनी तैयारीयों में जुटा हुआ है। ख़राब सड़कों पर सुधारीकरण कार्य कर उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है। बीते रविवार को आरतोला-जागेश्वर सड़क में डामरीकरण के चलते यातायात पूरी तरह बंद रहा। लोगों को 15 किमी अतिरिक्त घूमकर जागेश्वर जाना पड़ा। इस बारे मे जानकारी देते हुए एसओ जसविंदर सिंह ने बताया कि डामरीकरण के चलते रविवार को आरतोला-जागेश्वर मोटर मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद रहा। डामरीकरण के चलते रूट डायवर्ट किया गया। लोग पनुवानौला तिराहे से शौकियाथल-कोटेश्वर निर्माणाधीन मोटर मार्ग से होते हुए जागेश्वर पहुंचे। इस रूट से जाने पर लोगों को जागेश्वर पहुंचने के लिए 15 किमी का अतिरिक्त फेरा लगाना पड़ा। रविवार को छुट्टी होने की वजह से काफी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शनों को जागेश्वर धाम आए थे लेकिन यातायात डायवर्ट होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
