अल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र में मध्यरात्रि हुई तेज बारिश के बाद रानीखेत-खैरना स्टेट हाईवे पर भूस्खलन से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। भुजान क्षेत्र में कनवाड़ी की पहाड़ी दरकने से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया, जिससे मार्ग सुबह चार बजे से बंद है।स्थानीय निवासी रमेश सिंह खनायत ने बताया कि लोनिवि ने मलबा हटाने के लिए एक मशीन तैनात की है, लेकिन वह पर्याप्त साबित नहीं हो रही है। एक ओर से मलबा हटाने का कार्य जारी है, वहीं दूसरी ओर से लगातार मलबा गिरने से समस्या और गंभीर हो गई है। आवागमन बाधित होने के कारण स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय जाने वाले शिक्षक और स्थानीय लोग जाम में फंसे हैं। प्रशासन ने स्थिति को जल्द सामान्य करने के प्रयास तेज कर दिए हैं।
