अल्मोड़ा। क्वारब मार्ग की जर्जर स्थिति और उस पर स्थायी समाधान की मांग को लेकर नगर व्यापार मंडल, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल और ट्रांसपोर्ट यूनियन की संयुक्त बैठक दीपचंद्र सभागार में आयोजित हुई। बैठक में मौजूद व्यापारियों ने क्वारब मार्ग की बदहाली पर गहरा रोष व्यक्त किया। व्यापारियों का कहना था कि एक साल से अधिक समय बीतने के बावजूद मार्ग की हालत जस की तस बनी हुई है। हाल ही में बनी दीवार में भी दरारें पड़ गई हैं, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। मार्ग को कभी छोटे वाहनों के लिए खोला जाता है तो कभी भारी वाहनों के लिए बंद कर दिया जाता है, जिससे जिले का परिवहन और पर्यटन कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 10 सितंबर से नगर के प्रमुख स्थानों पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 11 से 14 सितंबर तक चलेगा। यदि तब तक मार्ग सभी वाहनों के लिए 24 घंटे नहीं खोला गया, तो 15 सितंबर को मशाल जुलूस निकाला जाएगा और उसके बाद अनिश्चितकालीन बाजार बंद की रणनीति लागू की जाएगी। इस आंदोलन में अल्मोड़ा और बागेश्वर जिले की ग्रामीण इकाइयों को भी शामिल किया जाएगा। व्यापारियों ने कहा कि अब तक काफी परेशानियां झेल ली गई हैं, अब और सहन नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे हस्ताक्षर अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और सोशल मीडिया पर अपनी भागीदारी दर्ज करें। बैठक में प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज अरोड़ा, जिलाध्यक्ष सुशील साह, जिला महामंत्री भैरव गोस्वामी, कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजय अग्रवाल, नगर अध्यक्ष अजय वर्मा समेत बड़ी संख्या में व्यापारी और ट्रांसपोर्ट यूनियन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
