अल्मोड़ा जिले के भैंसियाछाना ब्लॉक के बुढ़ाधार गांव में लोगों के लिए बारिश आफत बन कर बरसी। आसमान से बरसी आफत जिंदगी पर भारी पड़ गई। बीती रात बुढ़ाधार गांव के लोगों के लिए संघर्ष भरी रही। देर रात हुई मूसलाधार बारिश के चलते अचानक पहाड़ी दरक गई और देखते ही देखते महज महज एक घंटे के भीतर पहाड़ी से भरभरा कर मलबा लोगों के घरों के भीतर भर गया। मिट्टी और पत्थर बहकर घरों में आने से लोग दहशत में आ गए। नींद से जागे लोग घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़े और मदद के लिए चिल्लाने लगे। जिंदगी बचाने को ग्रामीणों ने बच्चों और बुजुर्गों के साथ रिश्तेदारों के घरों में शरण ली। कई पेयजल लाइनें ध्वस्त हो गईं। क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
