अल्मोड़ा ज़िले में गुरुवार को हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। धौलादेवी-खेती-जटेश्वर मार्ग पर पेड़ गिरने के साथ ही पहाड़ी दरक गई, जिससे मलबा सड़क पर आ गया। इसके अलावा गजार-क्वारली मोटर मार्ग पर भी भारी मलबा आने से यातायात बाधित हो गया। बारिश के चलते जिले में एक राष्ट्रीय राजमार्ग, चार राज्य मार्ग और 26 ग्रामीण मार्गों सहित कुल 31 सड़कें बंद हो गई हैं। अल्मोड़ा नगर के साथ-साथ सोमेश्वर, भिकियासैंण, जागेश्वर, ताकुला, सल्ट, भैंसियाछाना, चौखुटिया और रानीखेत जैसे क्षेत्रों में भी तेज बारिश दर्ज की गई। ग्रामीण इलाकों में कई घरों में पानी घुस गया, जबकि सड़कों पर बने गड्ढों में पानी भरने से लोगों की आवाजाही में दिक्कतें बढ़ गईं। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को नगर का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
