अल्मोड़ा के सोबन सिंह जीना परिसर के दृश्यकला संकाय एवं चित्रकला विभाग में दिनांक 22 मई बुधवार से तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी और सम्मेलन का शुभारंभ किया गया। आयोजित सम्मेलन में मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा अपर सचिव डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्वतीय संस्कृति को संरक्षित करने में यह सम्मेलन मील का पत्थर साबित होगा। इस प्रदर्शनी में नेपाल, बुल्गारिया, अमेरिका, सिंगापुर आदि देशों के 90 चित्रकारों की कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई गई। कुलपति प्रो. बिष्ट ने कहा कि ऐसे आयोजन से कला को बढ़ावा मिलेगा। पद्मश्री ललित पांडे ने कलाकारों से संस्कृति को बचाने के लिए आगे आने की अपील की। इस दौरान प्रो. सोनू द्विवेदी की पुस्तक और सोविनियर का लोकार्पण किया गया। वहीं पद्मश्री डॉ. यशोधर पठपाल, पद्मश्री डॉ. श्याम शर्मा, पद्मश्री विजय शर्मा, रागिनी उपाध्याय ने कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़कर कलाकारों का हौसला बढ़ाया।
