अल्मोड़ा जिले के सल्ट विकासखंड के मरचूला के जंगल में आज दिनांक 06 जनवरी शनिवार को डेढ़ साल से लापता चल रहे पौड़ी के एक युवक का कंकाल मिला है। आज शनिवार की सुबह वन कर्मी मरचूला के जंगल की सफाई के लिए पहुंचे हुए थे। सफाई के दौरान उन्हें एक पेड़ के नीचे मानव कंकाल दिखा। वन कर्मी ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर जब उसकी तलाशी ली तो उसकी पैंट की जेब में मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान जीवई, पौड़ी गढ़वाल निवासी श्रवण सिंह उम्र 32 साल पुत्र आनंद सिंह के रूप में हुई।मिली हुई जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है की युवक दिल्ली में नौकरी करता था जो अब से डेढ़ साल पहले अचानक लापता हो गया। तब परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। पुलिस ने परिजनों को इस घटना की सूचना देने के साथ ही शव को पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष अजेंद्र प्रसाद ने बताया कि रानीखेत उप जिला चिकित्सालय से चिकित्कों की टीम ने सीएचसी सल्ट पहुंचकर पोस्टमार्टम किया।
