सोमेश्वर। लाल रंग के सूटकेस के आपस में बदल जाने की उलझन को सोमेश्वर पुलिस ने सुलझाते हुए तीन दिन के भीतर आभूषण सहित सूटकेस बरामद कर उसके स्वामी को लौटा दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की दोनों बैग स्वामियों ने सराहना की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 मार्च 2026 की शाम एक महिला ने कोतवाली सोमेश्वर पहुंचकर बताया कि उसका छोटा भाई राजेंद्र सिंह सोने के आभूषण लाल रंग के सूटकेस में रखकर केमू बस से सोमेश्वर से गरुड़ (बागेश्वर) जा रहा था।
यात्रा के दौरान मनान क्षेत्र में एक यात्री बस से उतरा, जिसके पास भी लाल रंग का सूटकेस था। इसी दौरान दोनों सूटकेस आपस में बदल गए और वह यात्री गलती से राजेंद्र सिंह का सूटकेस लेकर चला गया, जबकि अपना सूटकेस बस में छोड़ गया।
गरुड़ पहुंचने पर राजेंद्र सिंह को सूटकेस बदलने की जानकारी हुई।मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली सोमेश्वर के प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन जोशी के नेतृत्व में अपर उपनिरीक्षक चंद्र प्रकाश और पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। टीम ने मनान क्षेत्र में लगातार खोजबीन करते हुए 9 मार्च को ग्राम मैगड़ी, पोस्ट पोखरी से सूटकेस को पूरे सामान और आभूषण सहित बरामद कर लिया।
पुलिस ने बरामद सूटकेस महिला को सौंप दिया, जबकि दूसरा लाल रंग का सूटकेस उसके वास्तविक मालिक को वापस कर दिया गया। पुलिस की इस त्वरित और सराहनीय कार्रवाई से दोनों पक्षों ने राहत की सांस ली और सोमेश्वर पुलिस का आभार जताया ।
