अल्मोड़ा। अतिवृष्टि से नया कलक्ट्रेट जोड़ने वाला शॉर्ट पैदल मार्ग पूरी तरह ध्वस्त हो गया है, जिससे आसपास के मकान खतरे की जद में आ गए हैं। जिले में एक राज्य मार्ग समेत कुल पांच सड़कें यातायात के लिए बंद हैं, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बीते एक-दो सालों से नए कलक्ट्रेट के पास स्यालीधार वाले मोटर मार्ग में 30 से 40 फीट पहाड़ काटकर पार्किंग की दीवार बनाई जा रही थी, जिसके बाद से जमीन धंस रही थी। अब पूरा मार्ग ही ध्वस्त हो गया है और आसपास के मकानों की चहारदीवारियां भी गिर गई हैं। बारिश जारी रहने पर बड़े हादसे की आशंका है। इस आपदा से लोगों के घरों से बाहर और अंदर जाने का रास्ता भी बंद हो गया है। पार्किंग के ऊपर जिला न्यायालय के न्यायाधीशों के आवास भी स्थित हैं, जो खतरे की जद में आ गए हैं। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य जमन सिंह बिष्ट, बाड़ी के प्रधान किशन सिंह बिष्ट समेत स्थानीय लोगों ने ध्वस्त मार्ग के शीघ्र पुनर्निर्माण की मांग की है।आपदा कंट्रोल रूम के अनुसार, मेहलचौरा-बछुवाबाण-चौखुटिया राज्य मार्ग-33, भाकुड़ा-तल्ली चनौली मोटर मार्ग, सुमनलता-बडौला मोटर मार्ग, भगोती-चिमटा मोटर मार्ग और ताड़ीखेत-ऊनी मोटर मार्ग यातायात के लिए बंद हैं।
