उत्तराखंड की सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा इस वर्ष एक बार फिर साहित्य और कला के रंगों से सराबोर होने जा रही है। ग्रीन हिल्स ट्रस्ट ने तीसरे “अल्मोड़ा लिटरेचर फेस्टिवल 2025” की औपचारिक घोषणा कर दी है। यह आयोजन 10 से 12 अक्टूबर तक ऐतिहासिक मल्ला महल परिसर में आयोजित होगा। सिर्फ तीन वर्षों के भीतर ही यह उत्सव उत्तराखंड के सबसे प्रतिष्ठित साहित्यिक आयोजनों में शुमार हो गया है, जहां देशभर से साहित्यकार, कलाकार, संगीतज्ञ, कवि और विचारक अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हैं। इस बार भी महोत्सव में किताब विमोचन, काव्य-पाठ, परिचर्चा, थियेटर, संगीत, कला और फोटोग्राफी प्रदर्शनियों जैसे विविध कार्यक्रम होंगे। स्कूली बच्चों के लिए रचनात्मक गतिविधियां और नन्हे प्रतिभागियों के लिए कहानी कथन सत्र भी खास आकर्षण रहेंगे। फेस्टिवल की तैयारी को और जीवंत बनाने के लिए महिलाओं और बच्चों के बीच प्रतियोगिताओं की श्रृंखला भी शुरू हो चुकी है। इनमें कुकिंग कॉम्पटीशन, कला प्रदर्शनी, कविता और कहानी लेखन, एकल गीत गायन तथा कुमाऊंनी लोकगीत समूह गायन जैसी गतिविधियां शामिल हैं। विजेताओं को उत्सव के मंच पर सम्मानित किया जाएगा। इस साल भी कई नामचीन हस्तियां अल्मोड़ा पहुंचेंगी, जिनमें आचार्य प्रशांत, फिल्म निर्देशक दिबाकर बनर्जी, साहित्यकार पुरुषोत्तम अग्रवाल, कवि सुदीप सेन, लोकगायिका मालिनी अवस्थी, अनिल कार्की, मनीष कषणीयाल और लेखिका सुनीता पंत बंसल शामिल हैं। आने वाले समय में और नाम घोषित किए जाएंगे। यह आयोजन ग्रीन हिल्स ट्रस्ट के साथ-साथ अल्मोड़ा जिला प्रशासन, उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद, अनकॉमनसेंस फिल्म, कुमाऊं खंड, स्टूडियो बारडो और अल्मोड़ा किताब घर के सहयोग से हो रहा है। फेस्टिवल की अध्यक्ष डॉ. वसुधा पंत और संयोजक विनायक पंत ने समस्त अल्मोड़ा वासियों एवं साहित्य प्रेमियों से इस आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया। आयोजन समिति के सदस्य डॉ. दीपा गुप्ता, राजेश बिष्ट, मनमोहन चौधरी, जयमित्र बिष्ट, मनोज गुप्ता, भूषण पांडे, प्रभात साह (सलाहकार), मीनाक्षी पाठक, दीपक जोशी, आदित्य बोरा, नीरज पांगती, क्रांति जोशी और तनूजा भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट-
www.almoraliteraturefestival.org तथा फेसबुक और इंस्टाग्राम पेज पर संपर्क किया जा सकता है।
