अल्मोड़ा : त्योहारों के मद्देनज़र जनपद में चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के तहत सोमेश्वर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे में बस चला रहे चालक को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही संबंधित बस को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया। चंद्रशेखर घोडके वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा द्वारा सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि त्योहारों के दौरान लापरवाह वाहन चालकों, रैस ड्राइविंग करने वालों एवं नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
मदन मोहन जोशी प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोमेश्वर मय पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।चेकिंग के दौरान एक बस को रोका गया, जिसका चालक उमेद राम निवासी ग्राम लोद नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पाया गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और बस को सीज कर दिया।पुलिस द्वारा बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित वैकल्पिक वाहनों से उनके गंतव्य तक भेजा गया।
पुलिस की अपील:अल्मोड़ा पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और नशे की हालत में वाहन चलाने जैसी गंभीर लापरवाही से बचें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
