अल्मोड़ा के लमगड़ा ब्लॉक में स्थापित डोल आश्रम का आज दिनांक 30 अप्रैल बुधवार से शुभारंभ होगा। जिसमे वार्षिक समारोह के तहत श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रमों का सिलसिला बैशाख पूर्णिमा तक चलेगा। आश्रम के संस्थापक बाबा कल्याण दास महाराज ने इस भव्य कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुधवार को आचार्यों के मंत्रोच्चारों के बीच देव्यार्चन और रूद्राभिषेक के साथ श्रीपीठम् स्थापना महोत्सव का आगाज होगा। सायंकाल प्रवचन सत्र चलेगा। इसके बाद चार मई से 10 मई तक प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न दो बजे तक श्रीमद्भागवत कथा होगी। कथावाचन पंडित मनोज कृष्ण जोशी करेंगे। बैशाख शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा के मौके पर 12 मई को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी डोल आश्रम पहुंचेंगे, जहां उनकी मौजूदगी में धर्म ध्वजा पूजन, कलश यात्रा, मां राजराजेश्वरी का अभिषेक, कन्या पूजन, अरदास आदि कार्यक्रम होंगे। इस दिन भव्य भंडारा भी आयोजित होगा।
