अल्मोड़ा। रानीखेत में लावारिस मवेशियों का आतंक दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है, जिससे आम जनता खासा परेशान है। मंगलवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय के दौरे के दौरान व्यापार मंडल के निवर्तमान पदाधिकारियों ने इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि मवेशियों के कारण नगर में भय का माहौल बना हुआ है। हाल ही में एक सांड द्वारा दो महिलाओं को बुरी तरह घायल कर दिए जाने की घटना ने लोगों में दहशत फैला दी है। इसके बावजूद छावनी प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। व्यापारीयों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लावारिस मवेशियों के कारण बाजार में राहगीरों, बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को चलना मुश्किल हो गया है। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने इस पर संज्ञान लेते हुए छावनी परिषद को निर्देश दिए हैं कि लावारिस मवेशियों को पकड़कर गो सदन में भेजा जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। इधर भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष राजेंद्र जस्वाल ने भी मवेशियों के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई है।
