अल्मोड़ा, राज्य आयुक्त उत्तराखंड एवं जिलाधिकारी अल्मोड़ा के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आज मासी, चखुटिया एवं द्वाराहाट क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि सभी खाद्य पदार्थों की खरीद-फरोख्त केवल पक्के बिल/कैश मेमो के आधार पर ही की जाए।
साथ ही प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, लाइसेंस/पंजीकरण प्रदर्शित करने तथा खाद्य पदार्थों के सही भंडारण, निर्माण तिथि एवं समाप्ति तिथि का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
टीम ने खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण एवं स्वच्छता संबंधी आवश्यक सावधानियों को लेकर व्यापारियों को जागरूक भी किया।निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर घी, पनीर, सॉस एवं नमकीन सहित कुल 7 खाद्य नमूने संग्रहित किए गए।
सभी नमूनों को जांच के लिए उत्तराखंड खाद्य एवं औषधि विश्लेषक संस्थान भेज दिया गया है।खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं नमूना संग्रह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
