अल्मोड़ा जिले के विद्यार्थियों को अब आईएएस, पीसीएस की तैयारी करने के लिए इधर उधर नहीं भटकना पड़ेगा न ही आईएएस, पीसीएस बनने के लिए कोचिंग की महंगी फीस देनी पड़ेगी। अब से सोबन सिंह जीना परिसर में अब विद्यार्थी अपने विषय की पढ़ाई के साथ आईएएस, पीसीएस की तैयारी भी कर सकेंगे। पुस्तकालय में उनके पाठ्यक्रम के साथ ही यूपीएससी की परीक्षा की तैयारी के लिए जरूरी पुस्तकें उपलब्ध होंगी।इसकी पहल पुस्तकालय प्रबंधन ने की है। एक लाख रुपये से यूपीएससी की तैयारी के लिए जरूरी पुस्तकों की खरीद होगी। एसएसजे परिसर के पुस्तकालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों के सिविल सेवा में जाने के सपने को नई उड़ान देने की पहल की है। पुस्तकालय में इन प्रतियोगी पुस्तकों का एक-एक सैट उपलब्ध होगा। पुस्तकालय प्रबंधन के मुताबिक भविष्य में इन पुस्तकों की संख्या बढ़ाई जाएगी। सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष, डाॅ. राकेश पंत ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए जरूरी पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंंगी। इस प्रस्ताव को जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
