अल्मोड़ा परिसर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं व मांगों को लेकर अध्यक्ष छात्र संघ लोकेश सुप्याल ने उच्च शिक्षा मंत्री को एक पत्र प्रेषित किया है। पत्र में अनुदान के उचित एवं पारदर्शी उपयोग की मांग करते हुए परिसर में पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति में सुधार तथा हाईटेक शौचालयों के निर्माण की आवश्यकता बताई गई है।
इसके साथ ही पत्र में पुस्तकालय के लिए नई पुस्तकों की खरीद एवं ई-लाइब्रेरी सुविधा उपलब्ध कराने, परिसर की अत्यंत जर्जर सड़कों के शीघ्र सुधार की मांग रखी गई है।
छात्र संघ अध्यक्ष ने रद्द हुई यूकेएसएससी परीक्षा के पुनः आयोजन, कई विभागों में नियमित शिक्षकों की भारी कमी को दूर करने तथा खिलाड़ियों को पर्याप्त खेल सामग्री उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि हाल ही में कॉलेज ग्राउंड में कराए गए विकास कार्यों में भ्रष्टाचार की आशंका है, जिसकी निष्पक्ष जांच कराए जाने की आवश्यकता है।
अंत में अध्यक्ष लोकेश सुप्याल ने विश्वविद्यालय परिसर को निरंतर अनुदान उपलब्ध कराने के लिए उच्च शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से अल्मोड़ा परिसर के विकास में महत्वपूर्ण सहायता मिली है।
