अल्मोड़ा, — जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन गंभीर नजर आ रहा है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जनपद के दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स) का शीघ्र चिन्हीकरण कर वहां सुधारात्मक कार्यों की योजना तैयार की जाए, ताकि समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा किया जा सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं से जुड़ी मजिस्ट्रियल जांचों में किसी प्रकार की देरी न हो और सभी मामलों का निस्तारण समय पर किया जाए। साथ ही, दुर्घटना पीड़ितों को मिलने वाली मुआवजा राशि का वितरण पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के लिए स्मार्ट और नवाचार आधारित उपाय अपनाने के निर्देश दिए। विशेष रूप से अंधे मोड़ों (ब्लाइंड कर्व्स) पर सुधारात्मक कार्य करने पर जोर दिया गया, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
इसके अलावा, पुलिस और परिवहन विभाग को संयुक्त रूप से नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
रैश ड्राइविंग, ट्रिपलिंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
