अल्मोड़ा जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन सख्त हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देवेन्द्र पींचा ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे स्कूली वाहनों की नियमित निगरानी करें और क्षमता से अधिक बच्चों को ढोने वाले चालकों पर सख्त कार्रवाई करें। इसी क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह एवं सीओ रानीखेत विमल प्रसाद के निर्देशन में भतरौजखान थाना पुलिस ने मंगलवार को छोटी घट्टी क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक बोलेरो टैक्सी को रोका जो मछोड़ से भतरौजखान की ओर आ रही थी। बोलेरो टैक्सी जिसकी क्षमता 8 सवारियों की थी। जबकि चालक ने उसमें 20 स्कूली बच्चों सहित कुल 22 सवारियां बैठा रखी थीं। जो उनकी जान के लिये खतरनाक साबित हो सकता था। पुलिस द्वारा वाहन को मौके पर सीज किया गया और बच्चों को अन्य बस से गन्तव्य को भेजा गया। चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्यवाही की जा रही है। साथ ही वाहन स्वामी को भविष्य में ऐसा न करने की सख्त हिदायत दी गई है।
