एसएसजे विश्वविद्यालय में पंजीकृत छात्रों में से अब तक करीब ढाई हजार विद्यार्थियों ने प्रवेश शुल्क जमा नहीं किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऐसे छात्रों को चार दिन का अतिरिक्त समय दिया है। स्पष्ट कर दिया गया है कि यदि निर्धारित तिथि तक शुल्क जमा नहीं हुआ तो उन्हें न तो परिचय पत्र मिलेगा और न ही छात्रसंघ चुनाव में भाग लेने का अधिकार। विश्वविद्यालय में स्नातक तृतीय और पंचम सेमेस्टर में कुल 19,491 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इनमें से बड़ी संख्या में विद्यार्थी अभी तक शुल्क जमा नहीं कर पाए हैं। शासन ने भी तिथि बढ़ाते हुए स्पष्ट किया है कि 23 सितम्बर तक ही शुल्क भुगतान का अंतिम अवसर रहेगा।यदि छात्र इस तारीख तक शुल्क जमा नहीं करते हैं, तो 27 सितम्बर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव में न तो वे मतदान कर पाएंगे और न ही चुनाव लड़ने का मौका पा सकेंगे।
