उत्तराखंड राज्य में धामी सरकार में प्रदेश के किसानों की आय दुगनी करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस कड़ी धूप में सोलर चेन फैंसिंग के माध्यम से किसानों की फसलें सुरक्षित की जा रही हैं। अल्मोड़ा जिले में भी सोलर चेन फैंसिंग से फसलें सुरक्षित की गई हैं। इस बारे में जानकारी देते हुए मुख्य कृषि अधिकारी विनोद शर्मा ने बताया कि उत्तराखंड में जंगली जानवरों से फसलों को नुकसान एक गंभीर समस्या है। जंगली जानवर खासकर जंगली सूअर, बंदर, लंगूर इत्यादि फसलों को बर्बाद कर देते हैं जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान होता है एवं किसानों की आय भी घटती है। इस समस्या के कारण किसानों की खेती में रूचि कम होती जा रही थी तथा किसान पर्वतीय जनपदों से खेती छोड़कर पलायन करने को मजबूर हो रहे थे। इस समस्या के समाधान हेतु जनपद अल्मोड़ा में कृषि विभाग द्वारा 43 गांवों को सोलर चेन फैंसिंग से कवर किया गया है। वित्तीय वर्ष 2024 – 25 में जिला योजना के अंतर्गत 31 और मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के अंतर्गत 12 गावों में फसलों की जंगली जानवरो से सुरक्षा हेतु सोलर चैन लिंक फेंसिंग योजना पर कार्य किया गया। इसमें खेतों के चारों तरफ 4 फिट ऊंचाई के चैन लिंक ( जाली युक्त) घेरबाड़ की गयी है जिसके ऊपर 1.5 फिट ऊंचाई में सोलर ऊर्जा से चलने वाली करंटयुक्त झटका देने वाले तारों की तीन लाइन लगाई गयी । इस प्रकार कुल 5. 5 फिट ऊंचाई (4 फिट चैनलिंक एवं 1. 5 फिट सोलर फेंसिंग) में सोलर चैन लिंक फेंसिंग की गयी। चैन लिंक फेंसिंग से एक तरफ जहा जंगली सूअर तथा आवारा पशु खेतों में प्रवेश नहीं कर पाएंगे वही दूसरी तरफ सोलर ऊर्जा से चलने वाली करंटयुक्त झटका देने वाले तारों से बंदर/लंगूरों को झटका लगेगा एवं खेतो में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। सोलर चैन लिंक फेंसिंग से जंगली सूअर एवं बंदर/लंगूर दोनों से फसलों का बचाव होगा। सौर ऊर्जा से संचालित होने के कारण कृषकों को बिजली का खर्च भी नहीं उठाना पड़ेगा। सोलर चैन लिंक फेंसिंग का प्रयोग जनपद में काफी सफल रहा है। इससे काश्तकारों की एक बहुत बड़ी समस्या का निदान हो रहा है। इससे कृषकों की खेती जंगली जानवरो (जंगली सूअर एवं बंदर/लंगूर ) के नुकसान से संरक्षित हो रही है एवं कृषको की आजीविका में भी वृद्धि हो रही है। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष में भी एक बड़े क्षेत्र का चयन कर सोलर चेन फैंसिंग का कार्य किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक किसानों का इसका लाभ मिल सके।
