अल्मोड़ा जिले में शुक्रवार को मौसम दिन भर बदलता रहा और दोपहर बाद हल्की बारिश भी हुई। इस बीच, राष्ट्रीय राजमार्ग-109 क्वारब के पास लगातार पांचवें दिन भी बंद रहा। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों की 10 सड़कें मलबा आने से अवरुद्ध हो गईं, जिससे लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मुख्य मार्ग के साथ जिन ग्रामीण सड़कों पर यातायात बाधित हुआ उनमें गगास-उड़ीमहादेव, खूंट-काकड़ीघाट, पीपना-मन्हैत-डंगूला, भुजान-पाखुड़ा, टाटिक-तल्ली तोली, मोरनौला-खांकर, तराड़ी-डभरा, बौर तल्ला-बौर मल्ला, मनान-बनानीघर और धौलादेवी-खेती-जटेश्वर मार्ग शामिल हैं। सड़कें बंद होने से न केवल लोगों को यात्रा में मुश्किलें झेलनी पड़ीं बल्कि रोज़मर्रा का सामान ढोने में भी दिक्कत हुई। सभी बंद सड़कों और NH-109 को खोलने के लिए लोडर मशीनों की मदद ली जा रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि कुछ सड़कों को शुक्रवार देर शाम और शेष को शनिवार पूर्वाह्न तक यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है।
